अंतर्राष्ट्रीय
16-Jun-2026


-19 जून को जेनेवा में औपचारिक हस्ताक्षर की तैयारी, ईरान को बड़े आर्थिक पैकेज की चर्चा वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद शांति समझौता लगभग अंतिम रूप ले चुका है। ट्रम्प के अनुसार, इस समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड के जेनेवा में औपचारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ डिजिटल माध्यम से समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। हालांकि समझौते का पूरा मसौदा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। ट्रम्प ने संकेत दिया है कि औपचारिक हस्ताक्षर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज सार्वजनिक किया जाएगा। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि दोनों देशों के बीच 14 बिंदुओं वाला एक प्रारंभिक मसौदा तैयार किया गया है। इस मसौदे के विभिन्न प्रावधानों पर आगे तकनीकी स्तर की वार्ताएं जारी रहेंगी। समझौते के संभावित आर्थिक पहलुओं को लेकर भी चर्चा तेज है। कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ईरान को आर्थिक सहायता और पुनर्निर्माण के लिए लगभग 28 लाख करोड़ रुपये के पैकेज पर विचार किया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। ईरान ने बताया जीत का दस्तावेज इस बीच, ईरान ने इस समझौते को अपनी कूटनीतिक सफलता के रूप में प्रस्तुत किया है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने इसे “जीत का दस्तावेज” बताते हुए कहा कि वार्ता प्रक्रिया में ईरान मजबूत स्थिति में रहा। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते को लेकर इजराइल की नाराजगी इस बात का संकेत है कि ईरान अपने प्रमुख हितों की रक्षा करने में सफल रहा है। यदि यह समझौता औपचारिक रूप से लागू होता है, तो इसे पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और अमेरिका-ईरान संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जाएगा। हिदायत/ईएमएस 16जून26