ट्रेंडिंग
15-Jun-2026
...


-ईरान डील का स्वागत करते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा -अर्थव्यवस्था, पाकिस्तान और इजरायल पर निशाना नई दिल्ली (ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित समझौते की खबरों के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फैसले का स्वागत कर उम्मीद जाहिर की कि अमेरिका, ईरान और इजरायल तीनों देश समझौते का पालन करे, भले ही पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक न हुई हो। कांग्रेस नेता रमेश ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के बिना किसी प्रतिबंध के फिर से खुलने से भारत को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ यह नहीं है कि भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद संकट जल्द ही दूर होगा। कांग्रेस नेता ने तर्क दिया कि ये समस्याएं पश्चिम एशिया में मौजूदा युद्ध से पहले की हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के सिर्फ दो दिन बाद शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि रुपया लंबे समय से दबाव में है और डॉलर की मांग-आपूर्ति में अंतर बढ़ रहा है। कांग्रेस महासचिव ने मोदी सरकार पर निशाना साधकर कहा कि बीते एक दशक में निवेश की दर सुस्त रही है और वास्तविक मजदूरी में ठहराव आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार चीन से आयात पर रोक लगाने में विफल रही है, जिससे रिकॉर्ड व्यापार घाटा हुआ है। इसके अतिरिक्त, टैक्स अधिकारियों और जांच एजेंसियों को मिली अनियंत्रित शक्तियों ने समग्र निवेश के माहौल को खराब कर दिया है। कांग्रेस नेता रमेश ने विदेश नीति पर सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, जिसे 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद भारत ने सफलतापूर्वक अलग-थलग किया था, अब लगता है कि पाकिस्तान ने नया क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभाव हासिल कर लिया है, खासकर चीन की गहरी पैठ के कारण। इस भारत की विदेश नीति के लिए एक गंभीर भू-राजनीतिक चुनौती बताया गया। कांग्रेस नेता रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से उम्मीद करना बहुत ज्यादा होगा कि वे इजरायल के प्रति अपनी अंधभक्ति और बिना शर्त समर्थन पर पुनर्विचार कर सकते है। उन्होंने कहा कि मानवीय पहलुओं और लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धताओं से अलग, हमारा राष्ट्रीय हित उस संतुलन की मांग करता है, जो पीएम मोदी ने नहीं दिखाया है। आशीष दुबे / 15 जून 2026