- जिंदा जलने से दोनों चालकों की दर्दनाक मौत - मृतकों की पहचान करने की कोशिश जारी राउरकेला (ईएमएस)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में बीजू एक्सप्रेस वे (एसएच-10) पर आज तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। भस्मा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंदुकेला काइंतरा चौक के पास एक हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की इतनी जोरदार टक्कर हुई कि पूरा इलाका दहल उठा। दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों भारी वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों चालकों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सुंदरगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर कुंदुकेला के पास पहुंचा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने अचानक नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर लांघते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह पिचक गए और उनमें तत्काल आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि केबिन में फंसे दोनों चालकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वे अंदर ही जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही भस्मा थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां बिना देर किए मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों चालक दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं इस घटना ने बीजू एक्सप्रेस वे पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026