- 22 जून से शुरू होगा 46 हजार नए राशन कार्डों का वितरण - नए राशन कार्ड के लिए करीब 2.25 लाख आवेदन मिले चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय अपने जन्मदिन के मौके पर राज्य की जनता को एक बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने और गरीब परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री 22 जून को राज्य भर में नए राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत करेंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण के तहत लगभग 46,000 नए राशन कार्ड पूरी तरह से छपकर तैयार हो चुके हैं, जिन्हें पात्र लाभार्थियों के बीच बांटा जाएगा। खाद्य विभाग को इस साल जनवरी से अब तक नए राशन कार्ड के लिए करीब 2.25 लाख आवेदन मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी आवेदनों की बारीकी से जांच और सत्यापन का काम तेजी से चल रहा है। जैसे-जैसे आवेदक पात्र पाए जा रहे हैं, उन्हें शॉर्टलिस्ट कर सूची में शामिल किया जा रहा है। पहले चरण के वितरण के बाद, बाकी बचे आवेदनों का सत्यापन पूरा होते ही आने वाले महीनों में राशन कार्डों की अगली खेप भी जारी कर दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य बिना किसी देरी के सभी पात्र परिवारों को चरणबद्ध तरीके से इस योजना का लाभ पहुंचाना है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय का यह पहला जन्मदिन होगा, जिसे खास बनाने के लिए वे अपने विधानसभा क्षेत्र पेरम्बूर में एक विशेष समारोह के दौरान इस योजना का औपचारिक उद्घाटन कर सकते हैं। इस उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद कुछ चुनिंदा लाभार्थियों को अपने हाथों से नए राशन कार्ड सौंपेंगे। दूसरी तरफ, सत्ताधारी दल तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) इस अवसर को बेहद बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। पेरम्बूर सहित तमिलनाडु के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जन्मदिन के हफ्ते और उसके बाद भी कई तरह के जन-कल्याणकारी कार्यक्रम तथा जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026