राज्य
16-Jun-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी शहर की कानून एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे और संपूर्ण व्यवस्था की प्रत्यक्ष निगरानी की। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैनात पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट, व्यावहारिक एवं प्रभावी दिशा-निर्देश दिए। बिना अनुमति प्रस्तावित राजनीतिक धरना-प्रदर्शन के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त महोदय ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल को सतर्क, अनुशासित एवं पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने हेतु ब्रीफ किया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से हेलमेट, डण्डा, बॉडी प्रोटेक्टर एवं निर्धारित असलहों के साथ तैनात रहें तथा आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग, रस्से एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर में सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी गई, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर बनी रहे। पुलिस आयुक्त महोदय ने अराजकतत्वों की तत्काल पहचान कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली या प्रदर्शन पूर्णतया प्रतिबंधित हैं। डॉ नरसिंह राम / 16 जून /2026