-ब्रातिस्लावा में वाराणसी प्रदर्शनी को देख खुश हुए मोदी कहा- यह सांस्कृतिक जुड़ाव ब्रातिस्लावा,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ब्रातिस्लावा के प्रेसिडेंशियल पैलेस में वाराणसी पर आधारित एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पेंटिंग प्रदर्शनी देखने के बाद पीएम मोदी ने भारत और स्लोवाकिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को बताया। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति में लोगों और देशों को एक-दूसरे के करीब लाने की अद्भुत शक्ति होती है। इस प्रदर्शनी में हाल ही में वाराणसी की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों की कृतियां भी शामिल थीं। मोदी ने एक्स पर अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा- ब्रातिस्लावा में बनारस का जुड़ाव! कल ब्रातिस्लावा के प्रेसिडेंशियल पैलेस में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और मैंने वाराणसी पर आधारित एक शानदार प्रदर्शनी देखी, जिसमें हाल ही में शहर की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों के कार्य भी शामिल थे। कला और संस्कृति में सचमुच लोगों को करीब लाने की अनोखी क्षमता होती है। इस प्रदर्शनी में जिन लोगों के कार्य प्रदर्शित किए गए, उन सभी को मेरी शुभकामनाएं। पीएम मोदी और स्लोवाक राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने चित्रों और कलाकृतियों की तारीफ की। विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि प्रेसिडेंशियल पैलेस में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने स्लोवाक कलाकारों द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंत्रालय ने प्रदर्शनी की कुछ झलकियां भी साझा कीं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह प्रदर्शनी वाराणसी शहर विषय पर आधारित थी, जिसमें भारत के सबसे प्राचीन शहरों में से एक की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और दैनिक जीवन की झलक को कलात्मक रूप से पेश किया गया था। इन कलाकृतियों में उन स्लोवाक कलाकारों की पेंटिंग भी शामिल थीं, जिन्होंने हाल ही में वाराणसी की यात्रा की थी और वहां के अनोखे वातावरण और परंपराओं से प्रेरणा ली थी। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- आज शाम ब्रातिस्लावा में ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस प्राप्त कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया के लोगों और सरकार का मैं शुक्रगुजार हूं, जो भारत के 140 करोड़ लोगों का है। मैं यह अवॉर्ड भारत और स्लोवाकिया के बीच पक्की दोस्ती को समर्पित करता हूं। सिराज/ईएमएस 16जून26