राज्य
16-Jun-2026


- भोपाल, इंदौर और ग्वालियर के जेल अधीक्षक बदले भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश जेल विभाग में लंबे समय के इंतजार के बाद जेल अधीक्षकों के बंपर तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल के तहत प्रदेश के कई बड़े केंद्रीय कारागारों (सेंट्रल जेल) के कप्तानों को बदला गया है। प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था के लिहाज से जारी की गई इस तबादला सूची में जेल अधीक्षकों के साथ-साथ 20 डिप्टी जेलर भी इधर से उधर किए गए हैं। हाल ही में विवादों और सुर्खियों में रही जेलों के अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। तबादला सूची के अनुसार, राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल की जिम्मेदारी अब मानवेन्द्र सिंह परिहार को सौंपी गई है, वे भोपाल सेंट्रल जेल के नए अधीक्षक होंगे। वहीं, दिनेश नरगावे को इंदौर सेंट्रल जेल का नया अधीक्षक बनाया गया है। इंदौर केंद्रीय जेल की वर्तमान अधीक्षक अलका सोनकर को वहां से हटाकर जेल मुख्यालय, भोपाल अटैच (संबद्ध) कर दिया गया है। ड्रग्स कांड के बाद हटाए गए विदित सरवैया, शिवपुरी भेजे गए ग्वालियर सेंट्रल जेल में पिछले दिनों नशा तस्करी और बैरक के भीतर ड्रग्स के वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की जमकर किरकिरी हुई थी। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक विदित सरवैया को ग्वालियर से हटा दिया गया है। उन्हें वापस शिवपुरी जिला जेल भेज दिया गया है (बता दें कि सरवैया शिवपुरी से ही पदोन्नत होकर या स्थानांतरित होकर ग्वालियर सेंट्रल जेल आए थे)। अब ग्वालियर सेंट्रल जेल के नए अधीक्षक की जिम्मेदारी राकेश भांगरे को सौंपी गई है। गोहद उपजेल से बंदी फरार होने का एक्शन तबादला सूची में एक और बड़ा नाम डिप्टी जेलर हेम सरिता मिंज का है, जो पिछले 9 सालों से भिंड जिले की गोहद उपजेल में जमी हुई थीं। पिछले सप्ताह ही गोहद जेल से ‘पॉक्सो एक्ट’ का एक गंभीर बंदी दिनदहाड़े फरार हो गया था, जिसके बाद जेल सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे थे। इस लापरवाही के बाद अब हेम सरिता मिंज को गोहद से हटाकर ग्वालियर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। 20 डिप्टी जेलरों के भी हुए तबादले जेल मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में सिर्फ जेल अधीक्षक ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से 20 डिप्टी जेलरों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। माना जा रहा है कि चुनावी साल या प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के मद्देनजर आने वाले दिनों में जेल विभाग में कुछ और कड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं। विनोद / 16 जून 26