राज्य
16-Jun-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई शुरू की। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में एक साथ हुई छापेमारी से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार ईडी की टीमों ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद समेत विभिन्न जिलों में एक साथ दबिश दी है। प्रदेशभर में करीब नौ ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। जांच एजेंसी द्वारा विभिन्न दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। राजधानी रायपुर के वल्लभ नगर स्थित कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर भी ईडी की टीम सुबह से जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पांच अधिकारियों की टीम कई घंटों से घर के भीतर मौजूद रहकर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सूत्रों का दावा है कि यह कार्रवाई DMF फंड के उपयोग, ठेकों के आवंटन और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कुछ मामलों की जांच का हिस्सा हो सकती है। हालांकि ईडी ने अब तक छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही किसी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक जांच केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। कारोबारी से जुड़े अन्य परिसरों और संबंधित व्यक्तियों के ठिकानों पर भी टीमों द्वारा दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। DMF यानी जिला खनिज न्यास निधि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास, बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के कार्यों के लिए उपयोग की जाती है। ऐसे में इस निधि के उपयोग से जुड़े किसी भी मामले की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ईडी की इस कार्रवाई के बाद प्रदेशभर में विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक दलों और प्रशासनिक हलकों की नजर अब जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई और संभावित खुलासों पर टिकी हुई है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। ऐसे में छापेमारी के निष्कर्ष, बरामद दस्तावेजों और संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 जून 2026