राज्य
16-Jun-2026


* मुख्यमंत्री बोले - नई औद्योगिक नीति-2026 से निवेश, रोजगार और मेक फॉर वर्ल्ड विजन को मिलेगी नई रफ्तार भरुच (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को भरूच जिले के विलायत में लुब्रिजोल कॉर्पोरेशन और ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा स्थापित अत्याधुनिक सीपीवीसी रेजिन उत्पादन प्लांट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व अंतर्गत भारत विकास की राजनीति के नए युग में प्रवेश कर चुका है और गुजरात को उनके नेतृत्व का ढाई दशक से अधिक समय का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात ने हमेशा विकासोन्मुख नीतियों, मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल दृष्टिकोण के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों का विश्वास जीता है। वाइब्रेंट गुजरात समिट के माध्यम से राज्य ने विकास के नए द्वार खोले हैं। आज पानी, रोड नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक सुविधाओं के क्षेत्र में गुजरात देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि गुजरात केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय विकास को भी समान प्राथमिकता देता है। राज्य सरकार की सुदृढ़ योजना और प्रगतिशील नीतियों के परिणामस्वरूप गुजरात की पहचान एक विश्वसनीय पॉलिसी-ड्रिवन स्टेट के रूप में बनी है। भरूच जिले के विलायत में स्थापित यह अत्याधुनिक सीपीवीसी रेजिन प्लांट विकास को नई दिशा देगा। गुजरात देश के केमिकल क्षेत्र में लगभग 33 प्रतिशत भागीदारी रखता है और ऐसे नए उद्योग राज्य की औद्योगिक शक्ति को और अधिक मजबूत बनाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घोषित नई औद्योगिक नीति-2026 गुजरात के विकास के इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगी। उद्योग, निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों के माध्यम से राज्य को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार करने वाली ऐसी परियोजनाएं अब ‘मेक फॉर वर्ल्ड’ के विजन को भी गति दे रही हैं। गुजरात की मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेशक-अनुकूल वातावरण के कारण अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां राज्य में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। ऐसे बड़े औद्योगिक प्रकल्प केवल रोजगार के अवसर ही नहीं पैदा करते, बल्कि एमएसएमई इकाइयों, स्थानीय उद्योगों और सप्लाई चेन से जुड़े अनेक क्षेत्रों को भी विकास के नए अवसर प्रदान करते हैं। इस प्रकार के निवेश स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने उद्योगों से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सस्टेनेबल और भविष्योन्मुखी विकास मॉडल अपनाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करके ही सर्वांगीण और टिकाऊ विकास हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर आदित्य बिड़ला समूह के ग्लोबल केमिकल्स बिजनेस हेड एवं सीईओ जयंत धोबले ने कहा, “यह परियोजना ग्रासिम की मैन्युफैक्चरिंग और क्रियान्वयन क्षमता को लुब्रिजोल की अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ती है। इसके माध्यम से भारतीय बाजार को विश्वसनीय और उच्च गुणवत्ता वाली सीपीवीसी सामग्री उपलब्ध होगी तथा देश में स्केलेबल केमिकल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के विकास को गति मिलेगी।” उन्होंने कहा कि लुब्रिजोल भारत में अपने सभी उत्पादन इकाइयों में सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के सर्वोच्च मानकों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण अनुकूल उत्पादन पद्धतियों और वैश्विक सुरक्षा मानकों के कार्यान्वयन के माध्यम से कंपनी टिकाऊ औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन दे रही है। लुब्रिजोल की सीईओ रेबेका लिबर्ट ने लुब्रिजोल कॉर्पोरेशन की विशेषताओं तथा भारत, विशेष रूप से गुजरात में अपने संयंत्र स्थापित करने के उद्देश्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कंपनी की विशेषताओं तथा उसके उन उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जो गतिशीलता, स्वास्थ्य और आधुनिक जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए टिकाऊ समाधान प्रदान करते हैं। उन्होंने जोड़ा कि गुजरात में यह प्लांट स्थापित कर कंपनी आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देगी। लुब्रिजोल कॉर्पोरेशन और ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा स्थापित विश्वस्तरीय क्लोरीनेटेड पॉलीविनाइल क्लोराइड (सीपीवीसी) रेजिन उत्पादन प्लांट भारत में सीपीवीसी उत्पादन के लिए सबसे अधिक स्केलेबल और एकीकृत उत्पादन व्यवस्थाओं में से एक नई व्यवस्था के रूप में उभरा है, जो उच्च गुणवत्ता वाले प्लंबिंग और पाइपिंग समाधान क्षेत्र में कंपनी के नेतृत्व को और मजबूत बनाता है। इस प्लांट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाले सीपीवीसी रेजिन और कंपाउंड्स का उत्पादन किया जाएगा, जिनका उपयोग आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों में पाइप और फिटिंग्स के निर्माण में किया जाता है। यह एकीकृत उत्पादन ढांचा सप्लाई चेन को मजबूत करेगा तथा देश में सुरक्षित जल आपूर्ति और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लक्ष्यों को समर्थन प्रदान करेगा। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव मनोज कुमार दास, भरूच जिला पंचायत की अध्यक्ष डिम्पल राज, वागरा के विधायक अरुणसिंह राणा, जिला कलेक्टर डॉ. नवनाथ गोव्हाणे, पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा, जिले के अग्रणी प्रकाश मोदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सतीश/16 जून