- ट्विशा शर्मा डेथ केस में आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश भोपाल (ईएमएस)। ट्विशा शर्मा डेथ केस में आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ा दी गई है। मंगलवार को हुई सुनवाई में दोनों आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए। सीबीआई ने दोनों की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए निर्णय दिया। ट्विशा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित के अनुसार गिरिबाला सिंह ने अदालत को बताया कि जेल में उन्हें जो हिंदी और अंग्रेजी अखबार उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उनमें उनसे संबंधित समाचारों को काटकर दिया जा रहा है। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें पूरा अखबार उपलब्ध कराया जाए। वकीलों से मिलने पर समय-सीमा हटाने की मांग गिरिबाला सिंह ने अदालत से मांग की कि वकीलों से मुलाकात के लिए निर्धारित 20 मिनट की समय-सीमा समाप्त की जाए। उनका कहना था कि मामले की प्रकृति को देखते हुए कानूनी सलाह के लिए अधिक समय की आवश्यकता है। सुनवाई के दौरान यह भी मांग रखी गई कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को एक ही समय पर अपने वकीलों से मिलने की अनुमति दी जाए। उनका तर्क था कि इससे कानूनी रणनीति पर बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। मीडिया बयानों पर उठाई आपत्ति गिरिबाला सिंह ने अदालत के समक्ष आपत्ति जताते हुए कहा कि ट्विशा पक्ष से जुड़े परिवार के लोग लगातार मीडिया में बयान दे रहे हैं। उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं और मामले से जुड़े पक्ष सार्वजनिक बयान देने से बचें। दवाइयों की जब्ती का मेमो मांगा गिरिबाला सिंह ने यह भी कहा कि जांच के दौरान ट्विशा शर्मा की दवाइयां जब्त की गई थीं, लेकिन जब्ती पंचनामा (मेमो) की प्रति उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने अदालत से इसकी प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने सीबीआई द्वारा पेश किए गए न्यायिक हिरासत बढ़ाने संबंधी आवेदन की प्रति उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। बाद में उनके वकीलों को आवेदन की प्रति उपलब्ध करा दी गई। विनोद / 16 जून 26