-प्रथम अनुपूरक बजट और कई महत्वपूर्ण विधेयक होंगे पेश भोपाल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री मोहन यादव के बीच हुई चर्चा के बाद विधानसभा सचिवालय ने वर्ष 2026-27 के मानसून सत्र की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। सत्र प्रारंभ करने के लिए राज्यपाल को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार मानसून सत्र पांच से सात दिन तक चल सकता है। इस दौरान सरकार वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े तीन से पांच महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन के पटल पर रखे जाने की संभावना है। जानकारी अनुसार वित्त विभाग ने सभी विभागों से 22 जून तक अपने प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। विभागों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों का परीक्षण कर प्रथम अनुपूरक बजट का प्रारूप तैयार किया जाएगा। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विभाग को नए वाहन खरीदने के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसके अलावा ऐसी नई योजनाओं के लिए भी वित्तीय प्रावधान नहीं किया जाएगा, जिनसे राज्य के संसाधनों पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ता हो। मानसून सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित विधेयकों को भी सदन में प्रस्तुत करेगी। इनमें उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विधेयक भी शामिल होने की संभावना है। सरकार का प्रयास है कि लंबित विधायी कार्यों को इस सत्र में आगे बढ़ाया जाए। हिदायत/ईएमएस 16जून26