अंतर्राष्ट्रीय
16-Jun-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को ट्रेड सीक्रेट से जुड़े एक मामले में याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले से टीसीएस को करीब 220 मिलियन डॉलर (लगभग 1835 करोड़) का कुल नुकसान होगा। यह जानकारी टीसीएस ने अपनी एक्सचेंज फाइलिंग में दी। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टीसीएस की याचिका को खारिज कर प्रतिद्वंद्वी कंपनी डीएक्ससी टेक्नोलॉजी के पक्ष में 168 मिलियन डॉलर के हर्जाने के फैसले को बरकरार रखा। कंपनी ने बताया कि इस मामले से जुड़ी राशि के लिए अपने खातों में पहले ही 150 मिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रावधान किया था। अब, नुकसान, ब्याज और कानूनी खर्चों के लिए अतिरिक्त 70 मिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रावधान किया जाएगा, इस वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में एक बार के असाधारण खर्च के रूप में दिखाया जाएगा। इस तरह कुल वित्तीय प्रभाव 220 मिलियन डॉलर का होगा। यह मामला 2019 में डलास की संघीय अदालत में डीएक्ससी की पूर्ववर्ती कंपनी, कंप्यूटर साइंसेज कॉर्पोरेशन द्वारा दायर मुकदमे से जुड़ा है। आरोप था कि टीसीएस ने एक बीमा कंपनी ट्रांसअमेरिका के लगभग 2,200 कर्मचारियों को नौकरी पर रखा और एक प्रतिस्पर्धी जीवन-बीमा प्लेटफॉर्म बनाने के लिए उनकी गोपनीय अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल किया। 2023 में जूरी ने टीसीएस को 210 मिलियन डॉलर का भुगतान करने का सुझाव दिया, जिसे बाद में यूएस डिस्ट्रिक्ट जज ने घटाकर 168 मिलियन डॉलर कर दिया। इस राशि में हर्जाने और दंडात्मक हर्जाने दोनों शामिल थे। फिफ्थ यूएस सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स ने भी इस फैसले को बरकरार रखा। टीसीएस ने सुप्रीम कोर्ट में तर्क दिया था कि डीएक्ससी को वास्तविक नुकसान साबित किए बिना हर्जाना नहीं मिलना चाहिए और दंडात्मक हर्जाने की रकम बहुत अधिक है, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। आशीष दुबे / 16 जून 2026