अंतर्राष्ट्रीय
16-Jun-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भरोसा जताया हैं, कि इजरायल अंततः अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित शांति समझौते का हिस्सा बनेगा। हालांकि, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दो टूक कहा है कि वे इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) का हिस्सा नहीं हैं और उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। एक साक्षात्कार में वेंस ने कहा कि यह समझौता इजरायल को अधिक सुरक्षित बनाएगा और पूरे क्षेत्र की सुरक्षा में वृद्धि करेगा। उन्होंने दावा किया कि ईरानी और इजरायली मीडिया में समझौते को लेकर बहुत सारी गलत जानकारी दी जा रही है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि जब इजरायल की जनता समझौते की पूरी जानकारी समझेगी, तब वे इस समझौते को मध्य पूर्व में शांति और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखेगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर कि समय के साथ इजरायल इस समझौते पर सहमत होगा। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू की सार्वजनिक आलोचना कर उन्हें बेहद कठिन शख्स बताया था। इस पर वेंस ने स्पष्ट किया कि इजरायल अक्सर एक अच्छा साझेदार होता है, लेकिन सबसे करीबी सहयोगियों, जैसे यूनाइटेड किंगडम, के साथ भी कभी-कभी मुद्दों पर असहमति होना पूरी तरह सामान्य है। ट्रंप ने एक साक्षात्कार में कहा था कि नेतन्याहू को अमेरिका का आभारी होना चाहिए, जिसकी पहल ने क्षेत्र को बड़े संकट से बचाया। समझौते की प्रगति के संबंध में, वेंस ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार से पहले ही वाशिंगटन और तेहरान के बीच हुए समझौते को सार्वजनिक कर सकते हैं। वेंस के अनुसार, अमेरिका और ईरान के नेताओं ने इस समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर कर दिए हैं, और इसकी औपचारिक तथा प्रत्यक्ष हस्ताक्षर प्रक्रिया शुक्रवार को होने की उम्मीद है। आशीष दुबे / 16 जून 2026