16-Jun-2026


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे शहर में एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है, जहां महज 4 साल के एक बच्चे की सतर्कता और ट्रैफिक पुलिस की तत्परता के चलते एक डूबते हुए व्यक्ति की जान बच गई। इस घटना के बाद बच्चे और बचाव दल की हर तरफ सराहना की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय वरून निकाते ने ठाणे की खाड़ी में एक व्यक्ति को पानी में डूबते हुए देखा। इतनी कम उम्र होने के बावजूद वरून ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई और तुरंत दौड़कर नजदीकी ट्रैफिक पुलिस कार्यालय पहुंचा। वहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि एक व्यक्ति पानी में डूब रहा है और उसे तत्काल मदद की जरूरत है। बच्चे से सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क से गुजर रही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी को रोककर पुलिस ने फायर कर्मियों को स्थिति की जानकारी दी और सभी मिलकर घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद पानी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तुरंत आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उसकी जान बच सकी। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में हेड कांस्टेबल सोनवणे, हेड कांस्टेबल पाटील और हेड कांस्टेबल पालवे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और साहस की भी लोगों द्वारा खूब प्रशंसा की जा रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम का सबसे खास पहलू 4 वर्षीय वरून निकाते की जागरूकता रही। यदि उसने समय रहते पुलिस को सूचना न दी होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। इतनी छोटी उम्र में दिखाई गई उसकी सामाजिक जिम्मेदारी, सूझबूझ और साहस ने सभी को प्रभावित किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह घटना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि उम्र चाहे कितनी भी कम हो, सतर्कता और सही समय पर उठाया गया कदम किसी की जान बचा सकता है। वरून की बहादुरी और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के कारण एक व्यक्ति को नया जीवन मिला है, जिससे यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। स्वेता/संतोष झा- १६ जून/२०२६/ईएमएस