:: क्षितिज सिंघल ने सुपर कॉरिडोर और एरोड्रम सहित कई क्षेत्रों का किया दौरा, दिए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर जल जमाव और जल निकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने 60 फीट रोड, एरोड्रम चौराहा, छोटा बांगड़दा रोड, सुपर कॉरिडोर और टीसीएस चौराहे के सामने सहित जलभराव वाले अन्य प्रमुख क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त मनोज पाठक और निगम के अन्य तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सभी बड़े नालों और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा निचले (लो-लाइंग) इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए जलस्तर सुधारने के उद्देश्य से 60 फीट रोड चौराहे के समीप एक नया रिचार्ज शाफ्ट बनाने के निर्देश भी जारी किए। आयुक्त सिंघल ने शहर के विभिन्न जल स्रोतों, रिचार्ज पॉइंट्स और तालाबों का निरीक्षण कर उनकी जल भराव क्षमता, साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने जोन क्रमांक 1 में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर की व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया और वहां मौजूद नागरिकों से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रकाश/16 जून 2026