:: नगर निगम ने एमजी रोड पर की कार्रवाई, नोटिस के बाद भी नहीं बनाया था रिचार्ज पिट :: इंदौर (ईएमएस)। वर्षा जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एमजी रोड स्थित खंडेलवाल हाउस पर बड़ी कार्रवाई की गई है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं वॉटर रिचार्ज पिट का निर्माण नहीं करने पर निगम ने संबंधित पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई वर्षा जल संचयन उपविधियां-2022 के प्रावधानों के तहत की गई है। जोनल अधिकारी गीतेश तिवारी के नेतृत्व में पहुंची निगम की टीम ने मौके पर पंचनामा बनाया और जुर्माने की राशि वसूल की। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि मानसून सिर पर है, ऐसे में जल संरक्षण के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाए जाएंगे। :: शहरभर में चल रहा विशेष चेकिंग अभियान :: निगमायुक्त के मुताबिक, इंदौर में भू-जल स्तर को सुधारने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण और उनके सुचारू संचालन को लेकर पूरे शहर में वार्ड स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिन बड़ी सोसायटियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों ने अब तक वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम दुरुस्त नहीं किए हैं, उन्हें चिन्हित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निगम की तकनीकी टीम निर्माणों की जांच भी कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सिर्फ कागजों पर न हो, बल्कि जमीन पर भी सही तरीके से काम कर रहा हो। प्रकाश/16 जून 2026