देहरादून (ईएमएस)। मैदान पर जब उम्र की सीमा टूटती है, तो हुनर की एक नई इबारत लिखी जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा आज देखने को मिला, जब मास्टर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 13 साल से कम उम्र के बच्चों के 50 ओवर के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में नन्हे क्रिकेटरों ने अपने बल्ले और गेंद से समां बांध कर धमाल मचा दिया। यहां जोगीवाला स्थित लिटिल मास्टर क्रिकेट क्लब के प्रशिक्षण ग्राउंड में इस पूरे मैच में सबसे बड़ा आकर्षण बनीं विकेटकीपर बल्लेबाज आरूषि, जिन्होंने अपनी क्लासिक और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के दम पर न सिर्फ अपनी टीम को संभाला, बल्कि प्लेयर ऑफ द मैच का प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम किया। आरूषि ने मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट खेलते हुए 41 रनों की बेहद सूझबूझ भरी पारी खेली, जिसने मैच का रुख बदल दिया। इस मुकाबले की एक और सबसे खूबसूरत और हैरान कर देने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब महज पांच साल की नन्ही वेदिका वर्मा ने मैदान पर कदम रखा। वेदिका ने अपनी उम्र को धता बताते हुए पिच पर पूरे 44 मिनट बिताए और बेहद परिपक्वता के साथ 18 रनों का योगदान देकर हर किसी को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/16 जून 2026