देहरादून (ईएमएस)। शहर में उगते कंक्रीट के जंगल, घटती हरियाली, प्रदूषण, ट्रैफिक जाम से परेशान दूनवासियों की चिंताओं को लेकर संयुक्त नागरिक संगठन का एक शिष्टमंडल मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी एवं सचिव मोहन सिंह बनिया से मिला और चिंताओं को दूर करने के लिए ज्ञापन एवं सुझाव दिए। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया की मास्टर प्लान 2041 में नए एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर, एक्सप्रेसवे आदि का निर्माण सहित नगर के भूजल के स्तर को बढ़ाने के लिए ग्रुप हाउसिंग सोसायटीज, औद्योगिक क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों हेतु योजनाएं बनाई गई हैं। इस अवसर पर संगठन के लिखित सुझावों में मास्टर प्लान 2041 को हिंदी में तैयार करने, दो सौ वर्ग मीटर से बड़े सभी भवनों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग़ ग्रेवाटर रियूज को प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृति की पूर्व-शर्त को शामिल किए जाने सहित ट्रैफिक में बाधक बाटल नेक आढ़त बाजार को भी तत्काल शिफ्ट किए जाने की भी मांग की। उन्होंने नगर में वाहनों के बढ़ते दबाव से रोजाना चारों तरफ लगते ट्रैफिक जाम के स्थाई समाधान हेतु शहर की सभी सड़कों के ऊपर चारों ओर एलिवेटेड रोड बनाकर इन्हें आपस में कनेक्ट किए जाने की मांग सहित सिटीजन प्लानिंग बोर्ड गठित करने, अवैध निर्माण के लिए फास्ट ट्रैक सेल गठित करने की भी मांग की है जिससे लोगों की परेशानी दूर हो सके और इसका लाभ मिल सके। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/16 जून 2026