:: अग्रसेन महासभा की मेजबानी में देशभर से आए मेहमानों ने किया समाजसेवी मोहनलाल बंसल का सम्मान; 5 राज्यों के 81 वरिष्ठजनों का हुआ अमृत महोत्सव :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज ने हमेशा सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी है। समाज के अंतिम छोर पर खड़े बंधुओं की मदद करने से बड़ा कोई पुण्यकार्य नहीं हो सकता। कुलदेवी महालक्ष्मी और बुद्धि की देवी सरस्वती का समन्वय यदि कहीं देखना हो तो अग्रवाल समाज को देखें, जहाँ कारोबार के साथ राष्ट्र सेवा व समाजसेवा के प्रकल्प निरंतर चलते रहते हैं। अग्रसेन महासभा ने देश के 81 बुजुर्गों का सामूहिक अमृत महोत्सव आयोजित कर अन्य समाजों के लिए अनुकरणीय मिसाल पेश की है। यह बात देशभर से आए अतिथियों ने मंगलवार शाम को राजीव गांधी चौराहा स्थित होटल सोलरिस पर व्यक्त की। अवसर था अग्रसेन महासभा की मेजबानी में आयोजित 5 राज्यों के 81 वरिष्ठजनों (81 वर्ष से अधिक आयु) के सामूहिक अमृत महोत्सव और महासभा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल बंसल के अभिनंदन समारोह का। :: 48 वर्षों में जोड़े हजार से ज्यादा दिल :: महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल व संयोजक अरुण आष्टावाले ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि मोहनलाल बंसल पिछले 48 वर्षों में समाज में 1,000 से अधिक रिश्ते तय करा चुके हैं। महासभा के बायोडाटा बैंक में करीब 15 हजार बायोडाटा उपलब्ध हैं। वे वर्ष 2003 से अब तक 1,000 से अधिक सदस्यों को देश के प्रमुख चारों धाम सहित यूरोप, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड व बाली की यात्रा करा चुके हैं। पिछले वर्ष उन्होंने 8 राज्यों के 61 जोड़ों को इंदौर आमंत्रित कर उनकी शादी की 60वीं वर्षगांठ मनाई थी, जो देश में अपने किस्म का पहला आयोजन था। :: इंदौर की सक्रियता की सराहना, ब्रह्मलीन रमेशचंद्र का स्मरण :: अ.भा. अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय मंत्री गोपाल अग्रवाल (महाराष्ट्र), नन्दलाल गर्ग (गुजरात), हरिप्रकाश बंसल (हरियाणा), शंकरलाल गुप्ता (महाराष्ट्र), ओमप्रकाश अग्रवाल (राजस्थान) एवं राजेंद्र कुमार गर्ग (उत्तर प्रदेश) ने इंदौर के अग्रवाल संगठनों की सक्रियता की सराहना की। सभी वक्ताओं ने वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मलीन रमेशचंद्र अग्रवाल का पुण्य स्मरण किया, जिन्होंने जीवनपर्यंत समाज को एक जाजम पर लाने का कार्य किया। :: गीतों की तान पर झूम उठी वरिष्ठ पीढ़ी :: कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र पूजन के साथ हुआ। गरिमा शर्मा द्वारा संचालित मस्ती की पाठशाला में वरिष्ठजनों को बचपन की यादें ताजा करने का अवसर मिला। इसके बाद मुंबई के प्रख्यात गायक प्रशांत नासेरी और उनकी टीम ने रेट्रो म्यूजिकल नाइट में पुराने सदाबहार फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। समारोह में कैलाश नारायण बंसल, सतीश मंगल, गोपाल गुप्ता सहित वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, रामनारायण अग्रवाल, पीडी अग्रवाल, सीए एसएन गोयल, प्रमोद बिंदल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के सदस्य और बंसल परिवार से चंद्रकला बंसल उपस्थित थीं। प्रकाश/16 जून 2026 संलग्न चित्र : इंदौर। अग्रसेन महासभा द्वारा देश में पहली बार आयोजित किए जा रहे वरिष्ठजनों के सामूहिक अमृत महोत्सव में तीन विश्व कीर्तिमान बनाने वाले समाजसेवी मोहनलाल बंसल के सम्मान समारोह का समूह चित्र।