16-Jun-2026


- बिल्ली के रास्ता काटने पर रुक गया बुलेट सवार, पीछे से आई बाइक ने मार दी टक्कर भोपाल(ईएमएस)। शहर के स्टेशन बजरिया इलाके में अंधविश्वास के फेर में एक हादसा हो गया। बताया गया है कि यहॉ से निकल रहे एक बुलेट चालक के सामने से अचानक एक बिल्ली दौड़कर निकल गई। बिल्ली के रास्ता काटने को उसने अशुभ मानते हुए ब्रेक लगाकर अपनी गाड़ी रोककर साइड में खड़ी कर दी। उसकी समय पीछे से आ रही दूसरी बाइक उसकी बुलेट में टकरा गई। एक्सीडेंट में एक युवक घायल हो गया। थाना पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात सुनील बाथम अपनी बुलेट में पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खजांची बाग में नाले के पास उनके सामने से एक बिल्ली रास्ता काटकर निकल गई। सुनील ने अपनी गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार बाइक सवार आया और उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में सुनील को अंगूठे में चोट लगी वहीं और नीचे गिरने के कारण उनके हाथ में भी चोट आई। सुनील ने अपने दोस्त को हादसे की सूचना दी, दोस्त मौके पर पहुचां और उसे इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचा। वहॉ से इलाज के कराने के बाद वे पुलिस थाने पहुंचे और अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। जुनेद / 16 जून