:: कनिष्क के साथ 128 रनों की अटूट साझेदारी से ईगल्स ने 17वें ओवर में हासिल की जीत :: इंदौर (ईएमएस)। होल्कर स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 के 30वें मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। प्लेयर ऑफ द मैच धर्मेश पटेल के बल्ले से निकले 108 रनों के विस्फोटक शतक और कनिष्क दुबे के साथ हुई 128 रनों की मैच जिताऊ अटूट साझेदारी के आगे पैंथर्स के गेंदबाज असहाय नजर आए। ईगल्स ने 174 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को महज 16.5 ओवर में ही धुआंधार अंदाज में हासिल कर अपना दबदबा कायम किया। इस शानदार जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स अब 5 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों (+1.481 नेट रन रेट) के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मजबूती से बनी हुई है। वहीं, 7 मैचों में 5वीं हार के बाद इंदौर पिंक पैंथर्स की राह कठिन हो गई है और वह 4 अंकों के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई है। 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज शशांक पाटीदार (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद विकेटकीपर हिमांशु मंत्री (28 रन, 17 गेंद) ने कुछ आकर्षक शॉट खेले, लेकिन वह भी 46 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद धर्मेश पटेल और कनिष्क दुबे ने मोर्चा संभाला। धर्मेश ने इंदौर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 56 गेंदों में 12 गगनचुंबी छक्कों और 1 चौके की मदद से 108 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली। दूसरे छोर पर कनिष्क दुबे (नाबाद 31 रन, 26 गेंद) ने मजबूती से उनका साथ निभाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए महज 65 गेंदों में 128 रनों की नाबाद साझेदारी कर पैंथर्स को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया। धर्मेश ने 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर टीम को यादगार जीत दिलाई। :: अथर्व का अर्द्धशतक बेकार, कार्तिकेय की धारदार गेंदबाजी :: इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स ने सलामी बल्लेबाज अथर्व जोशी की 38 गेंदों में 74 रनों (8 चौके, 4 छक्के) की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए थे। मध्यक्रम में शुभम राठौर (26) और सारांश सुराना (नाबाद 25) ने टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन रॉयल निमाड़ ईगल्स के गेंदबाजों के आगे उनके बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। ईगल्स के स्टार स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि धर्मेश पटेल ने 3 ओवर में महज 11 रन देकर 1 विकेट लिया। :: संक्षिप्त स्कोर :: इंदौर पिंक पैंथर्स : 20 ओवर में 173/7 (अथर्व जोशी 74, शुभम राठौर 26, सारांश सुराना 25*; कुमार कार्तिकेय 3/30, धर्मेश पटेल 1/11) रॉयल निमाड़ ईगल्स : 16.5 ओवर में 174/2 (धर्मेश पटेल नाबाद 108, कनिष्क दुबे नाबाद 31, हिमांशु मंत्री 28; रोशन केवट 1/36, अन्वेश चावला 1/26) प्रकाश/16 जून 2026