राज्य
26-Mar-2023


नई दिल्ली (ईएमएस)। पिछला माह सूखा बीतने के बाद दिल्ली में इस माह खूब बेमौसम बरसात हुई है। शुक्रवार रात 12.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस वजह से मार्च में इस बार अब तक सामान्य से 91 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। इससे पिछले तीन वर्षों में मार्च के महीने में वर्षा का रिकार्ड टूट गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इसके बाद अगले सप्ताह 30 व 31 मार्च को फिर दिल्ली के कई इलाकों में वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में इस माह अब तक 28.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है जो सामान्य (14.8 मिलीमीटर) से 13.5 मिलीमीटर अधिक है। पिछले वर्ष मार्च में एक भी दिन वर्षा नहीं हुई थी। वहीं वर्ष 2021 में सिर्फ 3.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। वर्ष 2020 में मार्च में दिल्ली में 109.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इसके बाद इस वर्ष अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पालम में सबसे अधिक अब तक 68.1 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य (13.1 मिलीमीटर) से चार गुना से अधिक है। वर्षा के कारण मौसम में हुए बदलाव से सुबह के वक्त हल्की ठंड भी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। अजीत झा/देवेंद्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/मार्च/2023