राज्य
26-Mar-2023


नई दिल्ली (ईएमएस)। कृष्णा नगर में महिला के साथ लूट का विरोध करने के दौरान गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे अन्य दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान कल्याणपुरी के अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू केलेवाला और घड़ोली के अभिषेक वाल्मिकी उर्फ मोटा के रूप में हुई है। कुछ दिनों पहले पुलिस ने चिल्ला गांव से एक आरोपित अतुल को गिरफ्तार कर लिया था। वह कल्याणपुरी थाने का घोषित बदमाश था। शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि आरोपित अभिषेक गुप्ता के खिलाफ पहले भी चार मामले दर्ज हैं। आरोपित अभिषेक वाल्मिकी के खिलाफ विभिन्न मामलों में 15 प्राथमिकी दर्ज हैं। दोनों ही आरोपित हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। करीब 35 किलोमीटर के इलाके में टीम ने संदिग्धों के प्रवेश और निकास मार्गों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पांच मार्च को कृष्णा नगर में राजा चाट वाली दुकान के पास बाइक सवार तीन बदमाश एक महिला से सोने की चेन लूट रहे थे। तभी आप नेता जुगल अरोड़ा के चालक जसविंदर ने लूट का विरोध करते हुए बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली जसविंदर के कंधे में लगी और वह घायल हो गए थे। अजीत झा/देवेंद्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/मार्च/2023