व्यापार
26-Apr-2023
...


मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बाद भी बाजार में ये बढ़त कुछ शेयरों में खरीददारी से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 169.87 अंक करीब 0.28 फीसदी बढ़कर 60,300.58 अंक पर बंद हुआ। वहीं कारोबार के दौरान सेंसेक्स 60,362.79 तक ऊपर जाने के बाद 59,954.91 तक गिरा। इसी प्रकार पचास शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 44.35 अंक तकरीबन 0.25 फीसदी बढ़कर अंत में 17,813.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी एक समय 17,827.75 तक ऊपर जाने के बा 17,711.20 तक गिरा। कारोबार के दौरान सेंसेक्स के शेयरों में से 21 शेयर लाभ के साथ ही हरे निशान पर बंद हुए। पावर ग्रिड के शेयरों में सबसे अधिक 2.49 फीसदी तक का उछाल आया। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, नेस्ले इंडिया और एचसीएल टेक के शेयरों में भी बढ़त रही। वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स के शेयरों में से 9 शेयर नुकसान के साथ ही लाल निशान पर बंद हुए। बजाज फिनसर्व के शेयर सबसे अधिक करीब 0.84 फीसदी तक गिरे। इसके अलावा एनटीपीसी, रिलायंस, कोटक बैंक और बजाज फाइनैंस के शेयरों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इससे पहले आज सुबह घरेलू शेयर बाजार की सपाट शुरुआत हुई। आज सुबह दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बाद भी तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 19.91 अंक करीब 0.03 फीसदी ऊपर आकर 60,150.62 के स्तर पर रहा। वहीं दूसरी ओर पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 6.80 अंक तकरीबन 0.04 फीसदी टूटकर 17,762.50 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। आज सुबह प्री-ओपनिंग के दौरान बाजार में गिरावट दर्ज की गयी। सुबह सेंसेक्स 165.34 अंक यानी 0.27 फीसदी टूटकर 59,965.37 के स्तर पर दिखा। वहीं एशियाई बाजारों की बात करें तो हांगकांग का हैंगसेंग ऊपर आया है जबकि जापान के निक्की और चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट दर्ज की गयी। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में नुकसान में रहे। गत दिवस अमेरिकी बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी उसे भी बाजार में निराशा है। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 फीसदी बढ़कर 80.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। गिरजा/ईएमएस 26अप्रैल 2023