अंतर्राष्ट्रीय
28-Apr-2023
...


जिनेवा (ईएमएस)। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा कि सूडान संघर्ष में एक पक्ष ने खार्तूम में एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रयोगशाला का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है, जिसमें जैविक सामग्री है। अधिकारियों ने इस सूडान संघर्ष में एक ‘‘बेहद खतरनाक’’ मोड़ बताया है। सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है जिससे देश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। संघर्षों से पहले, संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया था कि सूडान की एक तिहाई आबादी यानी करीब 1.6 करोड़ लोगों को मदद की जरूरत है और इस आंकड़े के बढ़ने की आशंका भी है। सूडान में विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रतिनिधि डॉ. नीमा सईद ने इस लेकर चिंता जाहिर की कि ‘‘किसी एक पक्ष ने’’ खार्तूम में केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला को नियंत्रण में ले लिया है और ‘‘सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया है। हालांकि सईद ने इस बात पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी कि किस पक्ष ने प्रयोगशाला पर कब्जा किया है। पोर्ट सूडान से जिनेवा में हो रही बैठक में शामिल लोगों से उन्होंने कहा, यह बेहद खतरनाक है क्योंकि प्रयोगशाला में ‘पोलियो आइसोलेट्स’ हैं। प्रयोगशाला में ‘मिसेल्स (खसरा) आइसोलेट्स हैं। प्रयोगशाला में ‘कॉलेरा (हैजा) आइसोलेट्स हैं। उन्होंने कहा, लड़ने वाले दलों में से एक के खार्तूम में केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला को कब्जे में लेने से एक बड़ा जैविक खतरा खड़ा हो गया है।’’डब्ल्यूएचओ के अनुसार, खार्तूम में कर्मचारियों को निकाल देने और बिजली काट देने का मतलब है, ‘‘चिकित्सकीय मकसद के लिए प्रयोगशाला में संग्रहित जैविक सामग्रियों का ठीक से प्रबंधन करना संभव नहीं हो सकेगा। आशीष/ईएमएस 28 अप्रैल 2023