राज्य
29-Apr-2023
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। जामा मस्जिद इलाके में कबूतर विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह कबूतर मार्केट में स्थित अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन लोग आए। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई और हमलावरों ने उसे दो गोलियां मार दीं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। परिवार वाले घायल को अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमलावर नकाबपोश थे। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मृतक की शिनाख्त लक्ष्मी नगर निवासी इमरान (35) के रूप में हुई। वह जामा मस्जिद की मार्केट में कबूतर बेचता था। पुलिस ने रंजिश की आशंका जताई है। मंगोलपुरी इलाके में भाई की हत्या का बदला लेने के लिए एक युवक ने दोस्तों के साथ हत्या करने वाले के भाई को गोली मार दी। गोली युवक के कान में लगी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी, इसी दौरान रोहिणी जिला पुलिस को आरोपियों के प्रशांत विहार इलाके में आने की जानकारी मिली और पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल, दो कारतूस और एक बुलेट बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगोलपुरी निवासी रेहान, रवि और कुणाल के रूप में हुई है,जबकि चौथा आरोपी नाबालिग है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 25 अप्रैल की देर रात वाई ब्लॉक मंगोलपुरी में एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिवार वाले घायल युवक को अस्पताल ले जा चुके थे। घायल युवक की पहचान के ब्लॉक मंगोलपुरी निवासी सद्दाम (32) के रूप में हुई।