ट्रेंडिंग
01-May-2023
...


बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक के चुनावी रण में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिससे कि राज्य की सियासत गर्मा गई है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी पहले पीएम हैं, जो कि देश के सामने रोते हैं। प्रियंका यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि कम से कम वे एक चीज में फिट बैठते हैं। जिस तरह से पीएम मोदी देश की जनता के सामने अपनी समस्या रखते हैं, यह दिखावा नहीं तब और क्या है? जितनी गालियां इन लोगों ने मेरे परिवार को दी हैं। अगर हमारा परिवार उसकी गिनती करना चालू कर दे। तब कम से कम एक किताब प्रकाशित हो जाएगी। पीएम मोदी ने बीते दिनों रैली में कहा कि कांग्रेस और उसके नेता अब तक 91 बार अलग-अलग तरह से उन्हें अपमानित कर चुके हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा का पीएम मोदी पर यह पलटवार सामने आया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर कर्नाटक में लिंगायत समुदाय का अपमान करने का भी आरोप लगाया था। पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने बाबासाहेब आंबेडकर और वीर सावरकर को भी अपशब्द कहे हैं। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोग चुनाव में गालियों का बदला वोट से दें। प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान के बाद कि मोदी पहले पीएम है, जिन्हें मैंने लोगों के सामने रोते देखा है। प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्रेयपीएम पे सीएम के जैसे ट्वीट करना शुरू कर दिए। कांग्रेस के आधिकारिक पेज भी हैशटैग अभियान में शामिल हो गए हैं। जिसके बाद बीजेपी कर्नाटक अध्यक्ष ने पलटवार किया है। कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कटील ने कहा कि पीएम मोदी देश के ही नहीं विश्व के भी नेता हैं। कांग्रेस का टारगेट उनका मजाक उड़ाना है। कांग्रेस पहले ही चुनाव हार चुकी है। इसकारण कांग्रेस यह सब कर रही है। मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और हमेशा खामोशी के मूड में रहते थे। आशीष दुबे / 01 मई 2023