राज्य
24-May-2023
...


भोपाल/नरसिंहपुर(ईएमएस)। मिशन 2023 के अंतर्गत महाकौशल फतह के लक्ष्य को हर हाल में पाने के लिये कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में कई चौकाने वाले निर्णय करती नजर आएगी। जानकारी के मुताबिक भाजपा के कद्दावर नेताओं को उनके गढ में परास्त करने के लिये कांग्रेस नई रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा का अभेद गढ कही जाने वाली सीटों पर कांग्रेस की रणनीति इस बार पूरी तरह से बदलेगी। बताया जा रहा है ऐसी सीटों पर कांग्रेस ऐसा प्रत्याशी उतार सकती है, जिसको लेकर भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस टिकिट के दावेदारों ने न तो सोचा हो न ही कोई पूर्व तैयारी की हो। ऐसी ही एक रणनीति की चर्चा इन दिनों कांग्रेस के गलियारों में सुनी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चा को मानें तो कांग्रेस नरसिंहपुर में भाजपा के कद्दावर नेता और विधायक जालम सिंह पटैल को चुनौती देने लेफ्टिनेंट कर्नल स्व. अजय मुश्रान के पौत्र और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के पुत्र वरुण तन्खा को नरसिंहपुर भेजने की तैयारी कर रही है। नरसिंहपुर की राजनीति को समझने वालों का कहना है कि यदि ऐसा हुआ तो भाजपा के लिये चुनौती खड़ी होना तय है। क्योंकि स्व. मुश्रान और उनके परिवारों की आज भी नरसिंहपुर वासियों के दिलों में गहरी जगह है। वहीं उनके द्वारा किये गये विकास एवं समाज सेवा के कार्य आज भी नरसिंहपुर में याद किये जाते हैं। टिकिट किसे मिलेगी यह समय ही बताएगा, जीतेगा कौन इसके लिये इंतजार करना होगा। लेकिन इस एक चर्चा ने नरसिंहपुर भाजपा में चिंता और कांग्रेस खेमे में उत्सुकता बढ़ा दी है। -आज भी याद किये जाते हैं श्री मुश्रान ....... गौरतलब है कि 80 के दशक में सेवानिवृत्त होने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल स्व. अजय नारायण मुश्रान ने नरसिंहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और अपनी इमानदार और स्वच्छ क्षवि के चलते वे लम्बे मार्जिन के साथ जीते थे। फिर उसके बाद उनकी जीत का सिलसिला नहीं थमा। वे मध्य प्रदेश सरकार में वन, खेल और युवा कल्याण से लेकर वित्त मंत्री तक अहम पदों पर रहे। नरसिंहपुर जिले की विकास यात्रा में स्वर्गीय श्री मुश्रान का गहरा योगदान माना जाता है। उनके द्वारा शुरु किये गये समाज सेवा के कार्य आज भी नरसिंहपुर में जारी हैं। स्वर्गीय श्री मुश्रान की लीगेसी को आगे बढ़ाने नरसिंहपुर में कांग्रेस उनके पौत्र और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के पुत्र एडवोकेट वरुण तन्खा को उतारने की तैयारी कर रही है। - विवेक तन्खा भी सर्वमान्य........ राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा की नरसिंहपुर में गहरी पकड़ मानी जाती है। दशकों से उनकी समाजसेवी संस्थाएं नरसिंहपुर और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समाजसेवा के कार्य कर रही है। वहीं नरसिंहपुर कांग्रेस के सभी नेताओं के बीच श्री तन्खा की क्षवि सर्वमान्य है। नरसिंहपुर में भाजपा विधायक की जीत और कांग्रेस की हार की एक वजह कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी और सर्वमान्य नेता की कमी भी बताई जाती है। कहा जा रहा है कि यदि वरुण नरसिंहपुर जाते हैं, तो कांगे्रसी एकजुट होकर उनके लिये कार्य करेंगे। वहीं श्री तन्खा की समाजसेवी गतिविधियों और वरुण के ननिहाल की नरसिंहपुर के आमजन में अच्छी क्षवि उन्हें चुनावी मुकाबले में लाने का काम करेगी।