राज्य
09-Jun-2023


नई दिल्ली (ईएमएस)। गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा लखनऊ की भरी अदालत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे पहली बार 2006 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। तब उसके पास से वेबली स्कॉट पिस्टल बरामद हुई थी। उस वक्त जरायम की दुनिया में जीवा बहुत तेजी से उभरा था। मुजफ्फरनगर के आदमपुर के रहने वाले संजीव माहेश्वरी के खिलाफ तब अपहरण हत्या लूट डकैती जैसे दर्जनभर से ज्यादा केस दर्ज थे। लेकिन पहली बार दिल्ली पुलिस ने ही उस पर शिकंजा कसा। 2015 में जीवा एक बार फिर दिल्ली पुलिस के रेडार पर आया जब उसने जेल से शहर के एक बिल्डर को धमकी दी थी। उसने बिल्डर को धमकाया कि वह उसके लोगों के नाम रेजिडेंसियल प्रोजेक्ट के 2 अपार्टमेंट ट्रांसफर कर दे नहीं तो अंजाम बुरा होगा। उस मामले में जीवा का गुर्गा सुमित अवस्थी गिरफ्तार हुआ था और चार्जशीट में उसके भी नाम का जिक्र था। पुलिस ने बताया कि जीवा ने नाजिम नाम के पश्चिमी यूपी के गैंगस्टर के साथ मिलकर जुर्म की दुनिया में कदम रखा। ये गैंग हरिद्वार सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले में अपहरण डकैती हत्या लूट जैसे अपराधों को अंजाम दिया करती थी। फैजाबाद में यूपी के पूर्व बिजली मंत्री ब्रह्म दत्त द्विवेदी की हत्या इसी गैंग ने की थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/जून/2023