राष्ट्रीय
01-Dec-2023
...


सूरत (ईएमएस)| सूरत की सचिन जीआईडीसी स्थित एथर कंपनी में बुधवार को लगी भीषण आग में 7 श्रमिकों की मौत हो गई थी| जबकि कई घायल हो गए और इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है| एथर कंपनी ने आग की घटना में मारे गए 7 कर्मचारियों के परिजनों को रु. 50-50 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है| साथ ही इस घटना में बुरी तरह से झुलसे कर्मचारियों को रु. 25-25 लाख की सहायता देने की घोषणा की है| बता दें कि गत बुधवार की रात 2 बजे किसी कारण से एथर कंपनी के स्टोरेज टैंकर में धमाके के साथ आग लग गई थी| कंपनी में तीन शिफ्ट और एक जनरल शिफ्ट में कर्मचारी काम करते हैं| घटना के वक्त कंपनी में 150 जितने कर्मचारी और श्रमिक काम कर रहे थे| कंपनी में आग के बाद भगदड़ मच गई| बताया जाता है कि कंपनी के एक बड़े टैंक में ज्वलनशील रसायन के रिसाव के कारण विस्फोट होने से आग भड़क उठी| आग की इस घटना में 7 श्रमिकों की जलकर मौत हो गई थी और उनके कंकाल 24 घंटों के बाद कंपनी से बरामद हुए| जबकि आग में बुरी तरह से झुलसे 28 जितने कर्मचारियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है| इनमें 8 कर्मचारी ऐसे हैं जो अस्पताल के बेड पर जीवन-मृत्यु के बीच झूल रहे है| इस बीच एथर कंपनी ने दुर्घटना में मारे गए 7 कर्मचारियों के परिजनों को रु. 50-50 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है| जबकि घायलों को रु. 25-25 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है| कंपनी ने मृतकों के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की पूरी जिम्मेदारी लेने की भी तैयारी दर्शाई है| इसके अलावा अगर मृतक के परिवार में केवल माता-पिता होंगे तो उनकी भी संपूर्ण जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की है| दूसरी ओर पूरे मामले की जांच कर रही पुलिस जांच के बाद एजंसी की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न दफाओं के तहत केस दर्ज कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेगी|