राज्य
02-Dec-2023
...


राजकोट (ईएमएस)| मौजूदा अत्याधुनिक युग इंसान ने रिश्तों की मर्यादा ताक पर रख दी है| पिता-पुत्री, भाई-बहन से जैसे पवित्र रिश्तों की कोई अहमियत नहीं रह गई है| कोई कल्पना नहीं कर सकता कि जिस बेटी को पिता ने गोद में खिलाया था, उसी के साथ दुष्कर्म भी कर सकता है| राजकोट के उपलेटा से ऐसी एक घटना सामने आई है, जिसमें पिता अपनी नाबालिग सगी बेटी के साथ 6 महीने तक दुष्कर्म करता रहा| पाटणवाव पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है| घटना राजकोट जिले की उपलेटा तहसील के लाठ गांव की है| जिसमें एक पिता अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ 6 महीने तक दुष्कर्म करता रहा| पिता के डर की वजह से बेटी किसी से शिकायत भी नहीं कर पा रही थी| लेकिन दादी ने अपने बेटे के दुष्कर्मों का भांडा फोड़ दिया और पाटणवाव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी| पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ 376 और पोक्सो के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है| जांच में खुलासा हुआ कि लाठ गांव में दंपत्ति बेटी के साथ रहता था| पत्नी की मौत के बाद पति ने दूसरी शादी कर ली और उससे दो बेटियां हुईं| हांलाकि किन्हीं कारणों से दूसरी पत्नी अपनी दोनों बेटियों के साथ घर छोड़कर चली गई| दूसरी पत्नी के चले जाने के बाद आरोपी की पहली पत्नी से हुई नाबालिग बेटी पर नियत खराब हुई| करीब 6 महीने पहले बेटी जब घर में अकेली थी तब आरोपी ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर यह सिलसिला शुरू हो गया| 6 महीने तक एक पिता अपनी नाबालिग बेटी का शरीर नोंचता रहा| एक दिन अचानक दादी वहां पहुंच गई और बेटे को पोती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख चौंक उठी| घटना को लेकर बेटे ने अपनी माता के साथ झगडा भी किया| जिसके बाद दादी अपनी पोती को लेकर सीधे पाटणवाव पुलिस थाने पहुंच गई और अपने बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी| सगी बेटी के साथ पिता की करतूत सुनकर पुलिस भी चौंक उठी| रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू की है|