राष्ट्रीय
16-Apr-2024


मैनपुरी (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी और वर्तमान सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। डिंपल के नामांकन के समय समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद सपा प्रमुख यादव ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस बार मैनपुरी का चुनाव रिकॉर्ड मतों से जीतने जा रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि इनका समाजवाद दंगाइयों, बलवाइयों और आततायियों के संरक्षण का है, जनता इन्हें मैनपुरी में भी धूल चटायेगी। मैनपुरी में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत सात मई को मतदान होगा। मैनपुरी सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जयवीर सिंह और बसपा के शिवप्रसाद यादव मैदान में हैं। सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘मैनपुरी का चुनाव इस बार रिकॉर्ड मतों से समाजवादी पार्टी जीतने जा रही है। दूसरे दल जो सामने हैं उनके पास दिखाने और बताने को कुछ नहीं हैं। जनता जब दस साल दिल्ली के काम का और सात साल उप्र की सरकार के काम का आकलन करेगी, तो भाजपा के सारे चेहरे गायब हो जाएंगे। केंद्र और उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होने जा रहा है। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो रहा है और अब तक 10 प्रश्न पत्र लीक हो चुके हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया कि उन्होंने युवाओं से नौकरी छीनी है और आरक्षण नहीं देना चाहते क्योंकि सरकारी नौकरी देंगे तो आरक्षण देना पड़ेगा। सुबोध\१६\०४\२०२४