खेल
26-Apr-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श की जगह पर आईपीएल के बचे हुए मैचों के लिए अफगानिस्तान के ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को अपनी टीम में शामिल किया है। मार्श चोटिल होने के कारण इस सत्र से बाहर हो गये हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने गुलबदीन को बेस प्राइस 50 लाख रुपए में टीम में शामिल किया है। इस क्रिकेटर ने अफगानिस्तान के लिए 82 एकदिवसीय और 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस सत्र में मार्श का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने 4 मैचों की 3 पारियों में 23 के उच्च स्कोर के साथ ही कुल 61 रन बनाए। वहीं 12.87 की इकॉनमी रेट के साथ उन्होंने केवल एक विकेट ही लिया है। ऐसे में उनके बाहर होने से टीम को शायद ही किसी प्रकार की परेशानी हो। यह लगातार दूसरा सत्र है जब मार्श सत्र के बीच में ही वापस गये हैं। दिल्ली ने मार्श पर 6.5 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी पर उसे इसका लाभ नहीं मिला। मार्श ने साल 2023 में दिल्ली के लिए नौ गेम खेले थे। आईपीएल अंक तालिका में अभी दिल्ली कैपिटलस 9 मैचों में 4 जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। गिरजा/ईएमएस 26अप्रैल 2024