राज्य
27-Apr-2024


फतेहबाद (ईएमएस)। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके अशोक तंवर और कुमारी सैलजा चुनावी मैदान में अब आमने-सामने हैं। कभी दोनों की जुगलबंदी थी। सिरसा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अशोक तंवर मैदान में हैं वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के सामने 29 दिन की तैयारी में ही बाजी मारने की चुनौती है। वह सिरसा की चुनावी रणभूमि में तीसरी बार उतरने जा रही हैं। अशोक तंवर कर्मभूमि में अपनी साख बचाने में जुटे हैं दूसरी तरफ सैलजा के सामने राजनीतिक विरासत की जमीन बचाने की चुनौती है। दोनों एक ही जाति से हैं। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच कांटे का मुकाबला होने के आसार हैं। बता दें कि सितंबर 2019 में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने अशोक तंवर को हटाकर कुमारी सैलजा को प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी थी। अशोक तंवर के प्रदेशाध्यक्ष रहने के दौरान उनकी सैलजा के साथ जुगलबंदी थी। हालांकि कुमारी सैलजा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के महीने भर बाद ही अशोक तंवर ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। बाद में वह तृणमूल कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी में चले गए। भाजपा में शामिल होने के 54 दिन बाद ही 12 मार्च को उनको सिरसा से भाजपा उम्मीदवार घोषित कर दिया गया था। पवन सोनी/ईएमएस 27 अप्रैल 2024