राज्य
01-Mar-2025
...


चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन शनिवार को 72 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु एम. के. स्टालिन को जन्मदिन की बधाई। उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। वहीं राज्यपाल आर. एन. रवि ने स्टालिन को तमिल भाषा में शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मुख्यमंत्री स्टालिन ने जन्मदिवस पर पार्टी की परंपरा को निभाते हुए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के दिग्गज नेता रहे सी. एन. अन्नादुरई और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने रॉयपेट्टई स्थित एक सरकारी स्कूल में दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत की। मुख्यमंत्री स्टालिन के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया, और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हिदायत/ईएमएस 01मार्च25