-केलॉन्ग में पारा अब भी माइनस में नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ओडिशा में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है, और बौध जिला सोमवार को भी देश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, राज्य का बरगढ़ जिला 42 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा और आंध्र प्रदेश का कुर्नूल 41.3 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा के नौ जिलों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मंगलवार को भी राज्य में गर्मी से राहत की संभावना नहीं है, जिसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल में बारिश-बर्फबारी जारी दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में ठंड का दौर जारी है। 1 मार्च से 17 मार्च तक प्रदेश में 75.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, मंगलवार को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन बुधवार से फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है। रविवार शाम से कल्पा में 17.9 सेमी, सांगला में 8.6 सेमी और गोंडला में 1 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। मंडी जिले के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 800 मीटर रह गई। केलॉन्ग सबसे ठंडा, धौलाकुआं सबसे गर्म हिमाचल प्रदेश का लाहौल-स्पीति जिला स्थित केलॉन्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, धौलाकुआं राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिदायत/ईएमएस 18मार्च25