नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार ने श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाने का फैसला किया है। अब कुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 21,917 से बढ़ाकर 22,411 रुपये कर दी गई है। सरकार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार ने सभी अनुसूचित रोजगारों के कार्यरत श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी की अधिसूचित दरों में वृद्धि की घोषणा की है, जिसके तहत महंगाई भत्ते की किस्त जो 01/04/2025 से देय है, को वर्तमान न्यूनतम वेतन के साथ समायोजित की गई है। मजदूरी की संशोधित नई दर के मुताबिक, सरकार ने अकुशल मजदूर के लिए न्यूनतम मजदूरी 18,066 से बढ़ाकर 18,456 रुपये प्रति महीना कर दिया है। वहीं अर्धकुशल श्रमिक के लिए न्यूनतम मजदूरी 19,929 से बढ़ाकर 20,371 रुपये प्रति महीने किया गया है। साथ ही कुशल श्रमिकों को अब न्यूनतम मजदूरी 21,917 की जगह 22,411 रुपये दिया जाएगा। दिल्ली सरकार का कहना है कि महंगाई को ध्यान में रखते हुए मजदूरी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। ये नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगी। सुबोध/१५/०४/२०२५