राज्य
17-Apr-2025
...


राहुल गांधी के खिलाफ लगाये आपत्तिजनक नारे -कांग्रेस इस देश में भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है- वैभव पवार भोपाल(ईएमएस)। नेशनल हेराल्ड मामले का कॉग्रेस के सड़को पर उतरकर लगातार किये जा रहे विरोध के बाद अब बीजेपी भी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रही हैं। बुधवार को जहॉ कांग्रेस ने केस की चार्ज शीट में राहुल गांधी और सोनिया गांधी का नाम आने के बाद ईडी दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं गुरुवार को राजधानी में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की दबाव की नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओ ने राहुल और सोनिया गांधी के पुतले जलाये। भाजपा नेताओ ने कहा कि कांग्रेस इस देश में भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार राजधानी में कांग्रेस कार्यालय के पास भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हेराल्ड केस को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर पहले तो जमकर नारेबाजी की इसके बाद दोनो का पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच मामूली गहमा-गहमी भी हुई। पहले से तैयार पुलिस प्रशासन ने भाजपा मोर्चा के कार्यकर्ताओ को कांग्रेस कार्यालय की तरफ जाने से रोकने के लिये बैरिकेटिंग की थी। कार्यकर्ता बैरिकेट पर चढ़ गए और राहुल गांधी के खिलाफ काफी आपत्तिजनक नारे लगाए। बाद में प्रदर्शनकारियो ने राहुल और सोनिया गॉधी के पूतले जलाये। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा की कांग्रेस इस देश में भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। उनके खिलाफ मामला दर्ज है, और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस नेता सड़क पर उतरकर जांच एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन कर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस जांच एजेंसियों को टारगेट करना और उनपर दबाव बनाना बंद करे। और मामले में कोर्ट कार्यवाही का सामना करते हुए साक्ष्य दें जहॉ सारा सच सामने आ जायेगा। वहीं राहुल गॉधी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओ द्वारा लगाये गये बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय नारो को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह के भद्दे नारे किसी भी राजनीतिक दल ने शायद ही कभी किसी राष्ट्रीय नेता के खिलाफ लगाए होंगे। यह राजनीति की गिरावट है, जिसकी जनक भारतीय जनता पार्टी है, और यह नारेबाजी उसका जीवंत उदाहरण है। उन्होनें आगे कहा कि आप नारे लगाइए, प्रदर्शन कीजिए, लेकिन जब आप नारों में गालियां देने लगें। इस निर्लज्जता की जनक भारतीय जनता पार्टी है। जुनेद / 17 अप्रेल