मुंबई (ईएमएस)। फिल्म जन्नत से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सोनल चौहान हाल ही में आईपीएल मैच के दौरान स्टेडियम में नजर आईं। इस मौके पर एक बातचीत के दौरान सोनल ने बॉलीवुड के चर्चित कपल अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के रिश्ते को लेकर अपनी राय रखी। सोनल ने विराट कोहली के अध्यात्म की ओर बढ़ते झुकाव की सराहना की और इसके पीछे उनकी पत्नी अनुष्का के प्रभाव को महत्वपूर्ण बताया। सोनल ने कहा कि जब कोई व्यक्ति सकारात्मक और सही लोगों के साथ रहता है, तो उसका असर उसके सोचने और जीने के तरीके पर साफ नजर आता है। सोनल के अनुसार, अनुष्का विराट के जीवन में स्थिरता और शांति लेकर आई हैं, जिससे विराट का आध्यात्मिक पक्ष और अधिक परिपक्व हुआ है। बातचीत में जब सोनल से पूछा गया कि अगर उनकी विराट कोहली से अचानक मुलाकात हो जाए तो वह क्या कहेंगी, इस पर अभिनेत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वह जय श्रीराम और हर हर महादेव कहेंगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने विराट को हाल ही में कई आध्यात्मिक और धार्मिक रील्स में देखा है, और यह देखकर प्रेरणा मिलती है कि विराट अब अध्यात्म की ओर बढ़ रहे हैं। आपको बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बी-टाउन के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा कपल्स में से एक हैं। दोनों की शादी 2017 में हुई थी, जिसके बाद से विराट की व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी में सकारात्मक बदलाव देखे गए हैं। विरुष्का को अक्सर वृंदावन के आश्रमों में, गुरुओं से आशीर्वाद लेते और कीर्तन में भाग लेते देखा जाता है। दोनों का अध्यात्म से जुड़ाव और सादगी भरा जीवन कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। सोनल चौहान के इस बयान ने भी विराट और अनुष्का के आध्यात्मिक सफर की एक खूबसूरत झलक पेश की है। डेविड/ईएमएस 30 अप्रैल 2025