01-May-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। विशेषज्ञों का मानना है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अधिक पोषक तत्वों की जरूरत होती है, खासकर तब जब वे 30 की उम्र पार कर 40 की ओर बढ़ती हैं। इस उम्र तक आते-आते कैल्शियम की कमी, मांसपेशियों की कमजोरी और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। अगर समय रहते खानपान का ध्यान रखा जाए, तो इन परेशानियों से बचा जा सकता है। कुछ खास चीजें हैं, जिन्हें डेली डाइट में शामिल कर महिलाएं खुद को न केवल फिट रख सकती हैं, बल्कि भविष्य में होने वाली बीमारियों से भी बच सकती हैं। ऐसी ही पहली चीज है कच्चा प्याज, जो स्वाद तो बढ़ाता ही है, साथ ही हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है और त्वचा की सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देता है और चेहरे पर नेचुरल चमक लाने में सहायक होता है। कच्चे प्याज का सेवन सप्ताह में 3 से 4 बार जरूर करना चाहिए ताकि इसके अधिकतम लाभ मिल सकें। दूसरी अहम चीज है बिना भुना हुआ तिल, जिसे महिलाओं के लिए सुपरफूड कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इसमें मौजूद फाइटोएस्ट्रोजेन और अन्य पोषक तत्व हार्मोनल असंतुलन को दूर करने में मदद करते हैं। यह रजोनिवृत्ति के समय एस्ट्रोजन के गिरते स्तर को संतुलित करता है और हड्डियों को मजबूत बनाए रखता है। तिल में मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और जिंक जैसे खनिज तत्व महिलाओं की सेहत के लिए बेहद जरूरी हैं। तीसरी चीज है सोयाबीन, जो महिलाओं की संपूर्ण सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें पाया जाने वाला आइसोफ्लेवोन्स शरीर में एस्ट्रोजन की तरह काम करता है, जिससे हड्डियों की मजबूती बनी रहती है और रजोनिवृत्ति के लक्षणों से राहत मिलती है। यह प्रजनन क्षमता को बनाए रखने, हार्मोन संतुलन और हड्डियों के घनत्व को कम होने से रोकने में भी सहायक होता है। सुदामा/ईएमएस 01 मई 2025