नई दिल्ली (ईएमएस)। केन्द्रीय खेल मंत्री हनसुख मंडाविया ने शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साइराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया। ये दोनों ही पिछले साल निजी कारणों से यह सम्मान लेने राष्ट्रपति भवन में नहीं पहुंच पाये थे। सात्विक अपने पिता आर कासी विश्वनाथम के निधन होने के कारण कार्यक्रम में नहीं जा पाये थे। वहीं चिराग भी व्यस्त थे। मंडाविया ने सोशल मीडिया पर पर दोनों के साथ अपनी तस्वीर साझा कर लिखा है, हमारे बैडमिंटन सितारों चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रांकीरेड्डी को आज दिल्ली में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया। साथ ही लिखा यह पुरस्कार कोर्ट पर उनके शानदार प्रदर्शन और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं। गौरतलब है कि सात्विक और चिराग ने 2022 एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों और 2023 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते थे। ये जोड़ी बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रही है। गिरजा/ईएमएस 01 मई 2025