03-May-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड का प्रतिष्ठित कपूर परिवार वर्तमान में गहरे शोक में डूबा हुआ है। अनिल, बोनी और संजय कपूर की मां श्रीमती निर्मल कपूर का 90 वर्ष की उम्र में निधन हुआ। वे पिछले कुछ समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर ने न केवल कपूर परिवार को गमगीन कर दिया, बल्कि पूरे फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ गई। निर्मल कपूर सिर्फ एक मां नहीं थीं, बल्कि वे उस मजबूत स्तंभ की तरह थीं, जिन्होंने संघर्षों के दिनों में पूरे कपूर परिवार को बंधे रखा था। उनके चार बच्चे बोनी, अनिल, संजय और रीना, सभी उनके मार्गदर्शन में पले-बढ़े और आज फिल्म इंडस्ट्री में अपनी-अपनी पहचान बना चुके हैं। अनिल और बोनी कपूर ने कई बार इंटरव्यू में अपनी मां के संघर्षों का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि कैसे निर्मल ने उन्हें मेहनत, ईमानदारी और आत्मसम्मान के साथ जीना सिखाया। निर्मल की शादी फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर से हुई थी। जब वे साउथ इंडियन सिनेमा से मुंबई आए, तब शुरुआती दिन बेहद संघर्षपूर्ण रहे। उनके पास रहने के लिए भी जगह नहीं थी। इस मुश्किल समय में परिवार को राज कपूर के घर के गैरेज में किराए पर रहना पड़ा, जहां आमतौर पर ड्राइवर और नौकर रहा करते थे। तब निर्मल ने अपने बच्चों को विपरीत हालात में भी मजबूत रहना सिखाया। अनिल ने बताया कि हमारे पास खर्च करने के लिए पैसे नहीं होते थे। लेकिन मम्मी हमेशा कहती थीं कि मेहनत करो, सब ठीक होगा। वहीं बोनी ने बताया कि जब उनकी दादी का निधन हुआ, तब उन्होंने और अनिल ने परिवार की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। बोनी ने प्रोडक्शन संभाला और अनिल ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने कहा, यह हमारी मां की सीख थी कि हालात चाहे जैसे भी हों, हार नहीं माननी चाहिए। 2019 में एक कार्यक्रम के दौरान अनिल तब भावुक हो गए थे जब एक कंटेस्टेंट की कहानी ने उन्हें उनके बचपन की याद दिला दी। उन्होंने बताया, मेरी मां सिलाई मशीन से मेरे लिए कपड़े सिलती थीं। आज जो कुछ भी हूं, उन्हीं की बदौलत हूं। निर्मल कपूर का अपने नाती-पोतों से भी गहरा जुड़ाव था। अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, जान्हवी कपूर, खुशी कपूर, शनाया कपूर, रिया कपूर, हर्षवर्धन कपूर और मोहित मारवाह सभी उनके बेहद करीब थे। सितंबर 2024 में उनके 90वें जन्मदिन पर अनिल ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, मम्मी, आप हमारी ताकत हैं। आपकी मुस्कान और आपका प्यार हमें हर मुश्किल से लड़ने की हिम्मत देता है। आशीष दुबे / 03 मई 2025