नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में शनिवार को हुई बारिश के बाद से मौसम सुहाना बना हुआ है। अगले दो दिन और मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जाहिर की गई है। दिल्ली के साथ-साथ बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि का अलर्ट है। देश के मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। मई की शुरुआत से ही देश के ज्यादातर राज्यों में बारिश हो रही है। देश की राजधानी दिल्ली में भी शनिवार को बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया और आज भी बारिश का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिन के लिए बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। 5 और 6 मई को दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। फिर 07 मई को भी दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। इसके बाद दिल्ली का मौसम साफ होगा। मौसम विभाग ने आज यानी 4 मई को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जाहिर की है, साथ ही इन जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। 06 मई तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर आंधी चलने की संभावना है। 4 से 9 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा अलगे दो दिन हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश में 05 मई को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 06 और 07 मई को राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/04/ मई /2025