06-May-2025


रांची(ईएमएस)।कांग्रेस के रांची में आयोजित संविधान बचाओ रैली को जदयू ने विफल बताया है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस के मुंह से संविधान बचाने की बात शोभा नहीं देती है। पहले तो कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम किया, अब इसे बचाने का वह ढोंग कर रही है। अपने 60 वर्षों के शासन में कांग्रेस ने 79 बार संविधान में संशोधन किया। पंडित नेहरू ने प्रथम संविधान संशोधन करते हुए अभिव्यक्ति की आजादी पर कड़ा प्रहार किया, ताकि सरकार की आलोचना करने वाले पर कार्रवाई की जा सके। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने मंगलवार को प्रेस बयान जारी कर यह बात कही है।उन्होंने कहा कि यह यह रैली संविधान को नहीं बल्कि कांग्रेसियों को बचाने के मकसद से आयोजित की गई। दरअसल कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर भ्रष्टाचार और घोटाले के मामले में संभावित कार्रवाई से कांग्रेसियों के अंदर डर है। इसलिए देशभर में संविधान बचाने का नाटक कर जांच को प्रभावित करना चाहते हैं। संविधान बचाने के मुद्दे पर देश के किसी भी कोने से कांग्रेस को जन समर्थन नहीं मिल रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण बक्सर में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के दौरान हजारों कुर्सियों का खाली रहना है। शायद इसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने सत्ता में रहने के बावजूद पुराने विधानसभा स्थित छोटे मैदान को चुना, ताकि भीड़ से मैदान भर जाए और लगे रैली में काफी भीड़ थी। कर्मवीर सिंह/06मई/25