रांची(ईएमएस)।जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के द्वारा खलारी प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को जागरूकता कायक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एलएडीसी सहायक शिवानी सिंह, पीएलवी संगीता देवी, मीकु कुमारी, साहिस्ता प्रवीण, सत्यपाल शर्मा, विकास भुईंया, रंजना गिरि और राजा वर्मा उपस्थित थे। एलएडीसी सदस्य शिवानी सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची से मिलने वाली सुविधाओं और मानव तस्करी और नशा उन्मूलन पर प्रकाश डाला। शिवानी ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों का ध्यान रखे, अब समय पहले जैसे नहीं रहा। अब लोग बच्चों को बहला-फूसला कर ले जाते हैं और दूसरे राज्य में बेच देते हैं।बच्चों को या तो घरों में काम कराया जाता है या फिर अज्ञात अपराधियों के द्वारा भीख मांगने पर मजबूर किया जाता है। नशा उन्मूलन पर कहा कि अभिभावक स्वयं और अपने बच्चों को नशा से दूर रखें। हड़िया-दारू या विदेशी शराब का सेवन न करें। इससे शरीर के साथ-साथ धन की भी हानी होती हैं। नशा के आदि व्यक्ति या बच्चे अपराध की ओर जाते हैं और कई छोटे-बड़े अपराधों को अंजाम देते है। पीएलवी संगीता देवी ने प्री-लिटिगेशन मुकदमा दर्ज कराने, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, असंगठित मजदूरों का निबंधन, आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड, बाल श्रम एवं बाल अधिकार के बारे में जानकारी दी। डालसा के पीएलवी मीकु कुमारी और साहिस्ता प्रवीण ने उपस्थित लोगों को बाल श्रम, बाल अधिकार के बारे में बताया। इसके अलावा सत्यपाल शर्मा ने बाल विवाह से संबंधित कानूनों की जानकारी दी। मोटर वाहन दुर्घटना में मिलनेवाली मुआवजा के बारे में विस्तार से बताया। पीएलवी संगीता देवी एवं मीकु कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, विधवा पेंशन और वृद्धा पेंशन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खलारी प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार सहित कई अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/06मई/25