08-May-2025


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) के कल्याण स्थित रुक्मिणीबाई अस्पताल में सोमवार को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से सविता बिराजदार नामक महिला की अस्पताल के प्रवेश द्वार पर ही मौत हो गई। मनपा अस्पताल में हुई इस महिला की मौत में लापरवाही की जिम्मेदारी लेते हुए मनपा के सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर मनपा के प्रशासक/आयुक्त अभिनव गोयल के निर्देश पर अस्पताल के चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। साथ ही एक बाह्य स्रोत संस्था के दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। रुक्मिणीबाई अस्पताल की मुख्य नर्स जयश्री रायकर, एम्बुलेंस के ड्राइवर प्रमोद लासुरे, मारुति निकम तथा हरिचंद्र यशवंतराव को कर्तव्य में लापरवाही, अक्षम्य देरी और सरकारी कर्मचारी के अनुचित कृत्य के आरोप में मनपा सेवा से निलंबित कर दिया गया है। रुक्मिणीबाई अस्पताल में बाह्य स्रोत संस्था के डॉ. उमेर पटेल और नर्स नमिता भोये की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। रुक्मिणीबाई अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप पगारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यदि डॉ. संदीप पगारे का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं हुआ तो प्रशासन उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगा। उधर आयुक्त गोयल की आक्रामक कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। - क्या है मामला ? रुक्मिणीबाई अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार महिला सविता बिराजदार को रुक्मिणीबाई अस्पताल से कलवा ले जाने के लिए पांच घंटे के भीतर रुक्मिणीबाई अस्पताल से एम्बुलेंस या अन्य साधन नहीं मिला। इसके कारण सोमवार को रुक्मिणीबाई अस्पताल के प्रवेश द्वार पर सविता की मौत हो गई। इस मौत के बाद चारों तरफ मनपा के कामकाज पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए आलोचना होने लगी थी। राजनीतिक दलों के नेताओं ने मनपा प्रशासन को निशाने पर लिया था। जिसके बाद आयुक्त गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त प्रसाद बोरकर ने रुक्मिणीबाई अस्पताल में सविता बिराजदार नामक महिला की मौत के संबंध में आयुक्त को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी थी। आयुक्त के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग की उपायुक्त वंदना गुलवे ने मनपा के चार कर्मचारियों और एक बाहरी चिकित्सा संस्था के दो कर्मचारियों को निलंबित और सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की। संतोष झा- ०८ मई/२०२५/ईएमएस