08-May-2025


ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र को जलापूर्ति करने वाली महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) द्वारा जल शुद्धिकरण केंद्र में मरम्मत कार्य किया जायेगा। इस कार्य के कारण दिवा, मुंब्रा, कलवा, कोलशेत और वागले इस्टेट क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में आज शुक्रवार को जलापूर्ति बंद रहेगी। इस बंद के बाद अगले एक से दो दिनों तक कम दबाव पर जलापूर्ति होगी। इसके कारण इन सभी क्षेत्रों के नागरिकों को जलसंकट का सामना करना सकता है। ज्ञात हो कि ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र की जनसंख्या 27 लाख है। शहर को प्रतिदिन 616 मिलियन लीटर पानी का कोटा है। लेकिन शहर को प्रतिदिन 585 मिलियन लीटर पानी मिलता है। इसमें से 250 मिलियन लीटर महानगरपालिका की अपनी जलापूर्ति योजना से, 135 मिलियन लीटर एमआईडीसी से, 115 मिलियन लीटर स्टेम कंपनी से और 85 मिलियन लीटर बृहन्मुंबई महानगरपालिका से आपूर्ति की जाती है। इसमें से महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल से 135 मिलियन लीटर जलापूर्ति मरम्मत कार्य के लिए बंद रहेगी। एमआईडीसी की जलापूर्ति योजना के अंतर्गत जांभूल जल शुद्धिकरण केंद्र में अति आवश्यक रख-रखाव व मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए गुरुवार 8 मई की मध्यरात्रि 12 बजे से शुक्रवार 9 मई की मध्यरात्रि 12 बजे तक कटाई नाका से ठाणे के बीच जलापूर्ति बंद रहेगी। ठाणे महानगरपालिका के मुंब्रा, दिवा, कलवा, माजिवडा-मानपाड़ा व वागले (कुछ क्षेत्रों में) प्रभाग समिति क्षेत्रों में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है। इसके कारण दिवा, मुंब्रा (वार्ड क्रमांक 26 व 31 के कुछ भागों को छोड़कर) व कलवा प्रभाग समिति के सभी क्षेत्रों, वागले प्रभाग समिति के अंतर्गत रूपादेवी पाड़ा, किसननगर नं. २, नेहरुनगर एवं मानपाड़ा प्रभाग समिति के अंतर्गत कोलशेत खालचा गांव में 24 घंटे के लिए पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी। मनपा प्रशासन ने जानकारी दी है कि जलापूर्ति शुरू होने के बाद अगले 1 से 2 दिनों तक पानी की आपूर्ति कम दबाव में होगी। मनपा प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस पानी बंद के दौरान पानी का संयम और सावधानी से उपयोग करके ठाणे मनपा का सहयोग करें। स्वेता/संतोष झा- ०८ मई/२०२५/ईएमएस