क्षेत्रीय
09-May-2025


- तुर्भे के पास गर्डर गिरने के खतरे के चलते एहतियातन सावधानी बरती गई ठाणे, (ईएमएस)। शुक्रवार सुबह मध्य रेलवे के ठाणे स्टेशन से पनवेल तक हार्बर लाइन पर अनिश्चितकाल के लिए ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। सुबह के समय ट्रेनों के बंद होने से स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई। बताया जा रहा था कि लोकल ट्रेन सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। क्योंकि तुर्भे के पास गर्डर गिरने का खतरा है जिसके चलते एहतियातन सावधानी बरती गई। दरअसल शुक्रवार सुबह ऐरोली में रात में निर्माण कार्य के दौरान गर्डर के गलत अलाइनमेंट के कारण मुंबई की ट्रांस-हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं अचानक बंद कर दी गईं, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। भीड़भाड़ वाले समय में हजारों दैनिक यात्री फंसे रहे, इन यात्रियों ने आख़िरकार बसों का विकल्प चुना। ट्रांस-हार्बर लोकल ट्रेन सेवा सुबह 7.10 बजे से बंद कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने कहा, एमएमआरडीए ने ठाणे और ऐरोली के बीच लॉन्च गर्डर लगाने के लिए रात 1 बजे से सुबह 4 बजे तक ट्रांस हार्बर लाइन पर ब्लॉक लिया था। यह देखा गया है कि लॉन्च गर्डर झुका हुआ है। इस वजह से सुबह 7.10 बजे से यातायात बंद कर दिया गया है। सुबह 8.15 बजे गर्डर की मरम्मत का काम शुरू हुआ है। करीब पांच घंटे में काम पूरा होने के बाद रेल यातायात सुचारु रूप से बहाल कर दी गई। स्वेता/संतोष झा- ०९ मई/२०२५/ईएमएस