क्षेत्रीय
09-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। सड़क पर पैदल जाने वाली महिलाओं के गले से पलक झपकते ही सोने की चेन छीनने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। ऐसी ही एक घटना में मुंबई के बांद्रा पूर्व के जिलाधिकारी कार्यालय क्षेत्र में सड़क पर जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। इस मामले में खेरवाड़ी पुलिस ने एक शातिर लूटेरा को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को दो मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने कुल 1.15 लाख रुपये का कीमती सामान जब्त किया है। गिरफ्तार लूटेरा का नाम रोहित संतोष धोबी (28) है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बीते 30 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे चेतना कॉलेज के सामने सड़क पर त्रिवेणी वासु सालियन नामक महिला पैदल जा रही थी। उस समय बाइक से आए अज्ञात युवक ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इस शिकायत के आधार पर खेरवाड़ी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया। इसके बाद जोन 8 के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया, सहायक पुलिस आयुक्त प्रकाश चौगुले और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कविदास जांभले के मार्गदर्शन में जांच के लिए टीमें नियुक्त की गईं। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर खेरवाड़ी पुलिस ने बांद्रा क्षेत्र से रोहित धोबी को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान उसने चेतना कॉलेज क्षेत्र से सोने की चेन छीनने की बात कबूल किया। इसके अलावा उसने विले पार्ले क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी करना कबूल किया, इस तरह दो अपराधों को पुलिस ने सुलझाया। इसके बाद खेरवाड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपराध में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चोरी की सोने की चेन और नकदी सहित कुल 1.15 लाख रुपये का कीमती सामान जब्त कर लिया। संजय/संतोष झा- ०९ मई/२०२५/ईएमएस