राज्य
09-May-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित सुरेश्वर महादेव मंदिर में आज देश की रक्षा और भारतीय सेना की विजय के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा सामूहिक रूप से बंगलामुखी माता का हवन किया गया, जिसमें सेना की शक्ति, संकल्प और विजय के लिए माता से आशीर्वाद मांगा गया। मंदिर के पुजारी डॉ. स्वामी राजेश्वरानंद ने बताया कि यह हवन शत्रु बाधा निवारण और बलवर्धन के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें ब्रह्मास्त्र विद्या युक्त मंत्रों का प्रयोग किया गया, जो भारतीय सेना को मानसिक, आध्यात्मिक और सामरिक ऊर्जा प्रदान करें। साथ ही आदित्य विजय स्रोत का पाठ भी किया गया, जो भगवान श्रीराम ने लंका विजय के समय किया था। हवन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्रध्वज तिरंगे को सम्मानपूर्वक प्रदर्शित करते हुए वंदे मातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए। दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चारण के साथ उन्होंने जल, थल और वायु सेना की सफलता और राष्ट्र की अखंडता के लिए प्रार्थना की। एक आयोजक ने कहा, यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय एकजुटता और देशभक्ति का प्रतीक है। हम अपने वीर जवानों की हिम्मत और बलिदान को नमन करते हैं। गौरतलब है कि बीती रात (8-9 मई) पाकिस्तान द्वारा जम्मू, पंजाब, गुजरात और राजस्थान में ड्रोन हमले किए गए, जिन्हें भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। इस घटना के बाद से देशभर में लोग सेना की सलामती और विजय के लिए पूजन-अनुष्ठान कर रहे हैं। रायपुर जैसे शहरों में हो रहे ऐसे आयोजन यह दर्शाते हैं कि देश का हर नागरिक, हर मोर्चे पर अपने सैनिकों के साथ खड़ा है।